बालोद। भैसबोड़ गांव में 16 लाख रुपये की स्वीकृत सड़क का काम करीब 1 साल बाद भी शुरू नहीं सका है। लंबे वक्त से परेशानी का सामना कर रहे ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताया. उन्होंने मार्ग के बीच में ही धान की रोपाई कर दी। इस दौरान वह ट्रैक्टर लेकर भी मौके पर पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक, गांव में राम मंदिर से मड़ई चौक तक करीब 16 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण के लिए मंडी बोर्ड से प्रशासनिक स्वीकृति 12 दिसंबर 2024 को जारी की गई थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को वर्क ऑर्डर जारी हुआ था। तीन महीने में सड़क बनकर तैयार होनी थी, लेकिन लगभग 1 साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

बरसात के मौसम में ग्रामीणों की परेशानी दोगुनी हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों का आवागमन मुश्किल हो चुका है।वर्षों की मांगों के बाद यहां सड़क बनने के लिए स्वीकृति मिली थी, वर्क ऑर्डर भी जारी हुआ, मगर सड़क निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो पाया। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाए।