Chhattisgarh Morning News: ओडिशा दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय, महिला दिवस पर जारी होगी महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त

Spread the love

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा दौरे पर रहेंगे और दिनभर कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे रायपुर हेलीपेड से रवाना होकर दोपहर 12 बजे ओडिशा के नबरंगपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे तुरंजियागुडा गांव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री नबरंगपुर से आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना होंगे और ओडिशा दौरे के पश्चात लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। वहीं बस्तर के मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन 2026 में भी उनकी उपस्थिति रहेगी।

दोपहर 3:15 बजे मुख्यमंत्री आरंग के लिए रवाना होंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 4:40 बजे पारागांव में चंद्रनाथु कुर्मी क्षत्रिय समाज के वार्षिक अधिवेशन 2026 में शामिल होंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद शाम 6:20 बजे मुख्यमंत्री अपने निवास लौटेंगे।

महिला दिवस पर बस्तर में ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन’

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन–2026 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रदेश की महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा वन मंत्री केदार कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य मातृशक्ति का सम्मान करना और महिलाओं की सामाजिक व आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार और पोषण कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

प्रदेशभर में मनाया जाएगा रंगपंचमी का पर्व

होली के पांच दिन बाद मनाए जाने वाला रंगपंचमी का त्योहार आज प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कई शहरों और कस्बों में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोग रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई देंगे और वसंत ऋतु के आगमन का उत्सव मनाएंगे।

T-20 विश्वकप फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया

आज टी-20 विश्वकप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह रोमांचक मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। इस बड़े मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रायपुर में भी कई जगहों पर बड़ी स्क्रीन पर मैच दिखाने की तैयारी की गई है।

बीजेपी नेता की अफीम की खेती पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर जिला कांग्रेस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। बीजेपी नेता पर अफीम की खेती के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है।

यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित होगी, जिसमें जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही नशे के कारोबार के खिलाफ आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

 

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.