Assam Flood News: असम बाढ़ से बेहाल 622 गांव पानी में जलमग्न, 75 लोगों की जा चुकी है जान

Spread the love

Assam Flood Latest News: असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 21 राजस्व सर्किलों के तहत 622 गांवों में 3,32,639 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव, सोनितपुर और कामरूप (मेट्रो) शामिल हैं. लगभग 45,341.98 हेक्टेयर कृषि भूमि अभी भी जलमग्न है, जिससे कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है।

असम में बाढ़ से मंगलवार को सात और लोगों की मौत हो गई, जिससे राज्य में इस आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 75 पर पहुंच गई। हालांकि, प्रभावित लोगों की संख्या अब घटकर 3.32 लाख रह गई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ में मंगलवार को मारे गए सभी सात लोग शिवसागर जिले के थे। बुलेटिन में कहा गया कि इस साल बाढ़ में अब तक 75 लोगों की जान जा चुकी है और किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना नहीं है।

इसमें कहा गया कि बाढ़ से शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, सोनितपुर और कामरूप शहरी समेत सात जिले अब भी प्रभावित हैं। इन जिलों के 21 राजस्व मंडल और 622 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 3,32,639 है। चराइदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 1,42,756 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। शिवसागर में 97,074 और जोरहाट में 57,371 लोग प्रभावित हैं. 27 जुलाई को छह जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या 4.45 लाख थी।

बाढ़ प्रभावितों के लिए कुल 81 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां विस्थापित लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा, 34 राहत वितरण केंद्र भी खुले हैं। वर्तमान में कुल 32,477 लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं, जिनमें शिवसागर में सबसे अधिक संख्या में लोग हैं, इसके बाद जोरहाट, गोलाघाट और चराइदेव का स्थान है। गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में धनसिरी (दक्षिण) नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राज्य में 45,341.98 हेक्टेयर कृषि भूमि अभी जलमग्न है।

सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा टीमों, एसडीआरएफ कर्मियों और स्थानीय स्वयंसेवकों की तैनाती के साथ बचाव और राहत कार्य जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों के बीच अनाज, पीने का पानी, तिरपाल, बच्चों का भोजन, दवाएं, ब्लीचिंग पाउडर और अन्य आवश्यक सामग्री सहित राहत सामग्री वितरित की जा रही है। एएसडीएमए ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध राहत और पुनर्वास उपायों को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.